देहरादून। Pushkar Singh Dhami ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के अंतर्गत मानचित्रक (मैपिंग) के पद पर चयनित 12 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति राज्य की कृषि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी अभ्यर्थी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पूरी ईमानदारी, समर्पण और लगन के साथ कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। इस कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के बाद राज्य में अब तक 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है, जो सरकार की युवाओं के प्रति प्रतिबद्धता और सुशासन का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ ही मिलेट के उत्पादन और विपणन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और फसल विविधीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही राज्य में सेब, कीवी, बागवानी और औषधीय पौधों की खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य कृषि को लाभकारी और युवाओं के लिए आकर्षक बनाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस क्षेत्र से जुड़ सकें।
इस दौरान कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री Ganesh Joshi, सचिव कृषि एस.एन. पाण्डेय, अपर सचिव आनंद श्रीवास्तव सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।