उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग हब बनाने पर जोर, CM धामी से निर्देशक मधुर भंडारकर की मुलाकात

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से प्रख्यात फिल्म निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य को देश का अग्रणी फिल्म शूटिंग हब बनाने, निवेश को आकर्षित करने और उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, विविध भौगोलिक परिस्थितियों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के कारण फिल्म निर्माण के लिए बेहद उपयुक्त राज्य है। सरकार का लक्ष्य राज्य को देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बनाना है।

 

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की नई फिल्म नीति के तहत फिल्म निर्माताओं को आकर्षक सब्सिडी, टैक्स छूट और अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। साथ ही सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए शूटिंग से संबंधित सभी अनुमतियों को आसान, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में उत्तराखंड में कई हिंदी और क्षेत्रीय फिल्मों, टीवी धारावाहिकों और वेब सीरीज़ की शूटिंग हुई है, जिससे राज्य तेजी से फिल्म निर्माताओं की पसंदीदा लोकेशन बनता जा रहा है। यहां की वादियां, झीलें और धार्मिक स्थल फिल्मकारों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहे हैं।

 

धामी ने यह भी बताया कि राज्य को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए “मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट” का राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है, जो सरकार की नीतियों की सफलता को दर्शाता है।

 

उन्होंने कहा कि राज्य में फिल्म शूटिंग के लिए बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है और विभिन्न जनपदों में लोकेशन बैंक तैयार किया गया है, जिससे फिल्म निर्माताओं को एक ही मंच पर विविध लोकेशन उपलब्ध हो सकें।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म उद्योग के विकास से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। सरकार स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को इस क्षेत्र से जोड़ने और प्रशिक्षण देने पर भी जोर दे रही है।

 

वहीं, मधुर भंडारकर ने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने भविष्य में उत्तराखंड में शूटिंग करने की इच्छा भी जताई।

 

मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने से राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और पर्यटन को भी नई ऊंचाइयां मिलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *