PM मोदी के दौरे से पहले देहरादून में तैयारियों का जायजा, CM धामी ने किया स्थलीय निरीक्षण

देहरादून: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड और मां डाट काली मंदिर तक सड़क मार्ग से स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, बिजली आपूर्ति और स्वच्छता सहित सभी आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यातायात व्यवस्था के लिए सुव्यवस्थित योजना तैयार की जाए। साथ ही आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

 

 

 

जसवंत ग्राउंड में मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने को भी कहा।

 

 

 

 

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और कार्यक्रम की सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

 

 

 

 

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *