बीएलओ आज से घर-घर जाकर मतदाताओं को बांटेंगे फार्म – Satya Voice

उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आज से प्रदेश के सभी मतदाताओं को गणना फार्म बांटने का काम शुरू हो गया है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से बूथ लेवल एजेंट्स को सहयोग करने की अपील की है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी 11,733 बीएलओ के पास गणना फार्म पहले ही पंहुचा दिए गए हैं. इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी मतदाताओं को गणना फार्म उपलब्ध कराए जाएंगे.ऐसे में 7 जुलाई तक यानी अगले एक माह के दौरान में बीएलओ, मतदाताओं के गणना फार्मों को बीएलओ एप के जरिए डिजिटिलाइज करेंगे.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि प्रदेश के मतदाता नौकरी या अन्य पेशे से जुड़े होने के कारण दिन में घर पर उपलब्ध नहीं हैं तो वे बुक ए कॉल विद BLO के फीचर से एक क्लिक पर अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक करा सकते हैं. इसके लिए मतदाता https://voters.eci.gov.in वेबसाइट पर विजिट करके या ECI-Net मोबाइल ऐप को डाउनलोड कर अपनी कॉल बुक करा सकते हैं. कॉल बुक कराने के बाद दो दिन के भीतर बीएलओ की ओर से मतदाता से खुद संपर्क किया जाएगा.

इसके अलावा बीएलओ के क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है तो ऐसी स्थिति में बीएलओ तीन बार घर पर विजिट करेंगे और बीएलओ घर पर स्टीकर लगाकर अपने अगले विजिट की डेट और मोबाइल नंबर लिखेंगे. ऐसे में मतदाता, बीएलओ से संपर्क कर सुविधानुसार गणना फार्म भर सकते है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के मतदाताओं से अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो गणना फार्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की है. उन्होंने बताया कि 8 जून से 7 जुलाई के बीच घर-घर भ्रमण के दौरान गणना फार्म के साथ मतदाताओं से कोई भी दस्तावेज नहीं देने होंगे. उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन किया जाएगा.

इसके साथ ही 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 के बीच दावे एवं आपत्तियों को दर्ज करने का समय दिया गया है. इसी बीच 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक सभी नोटिस जारी कर दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा. वहीं, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि मतदाता खुद भी ईसीआई नेट एप के जरिए अपना गणना फार्म ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं. इसके बाद मतदाता इसे भरकर अपलोड कर सकते हैं. इस प्रक्रिया के दौरान अगर कोई भी पात्र व्यक्ति, मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाना चाहते हैं तो वे अपने बीएलओ से संपर्क कर फार्म- 6 भर सकते हैं. जिसके बाद दावे आपत्तियों के निस्तारण के समय उनके फार्मों पर विचार किया जाएगा.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *