खाई में गिरी स्कॉर्पियो, शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की मौत – Satya Voice

ऋषिकेश क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा का निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, ड्यूटी समाप्त कर चौकी लौटते समय उनकी स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि विनोद शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी सुबह उस समय मिली जब राहगीरों ने खाई में दुर्घटनाग्रस्त वाहन को देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा खाई से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय स्कॉर्पियो में कितने लोग सवार थे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

विनोद शर्मा डोईवाला के रानीपोखरी क्षेत्र के निवासी थे। उन्होंने सेना में भी अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दी थीं और बाद में पुलिस विभाग में शामिल होकर अपनी कर्तव्यनिष्ठा, व्यवहार कुशलता और कार्यशैली के कारण काफी लोकप्रिय रहे। वह ढालवाला और कैलाश गेट चौकी प्रभारी के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियां सफलतापूर्वक निभा चुके थे।

इस दुखद हादसे के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। सहकर्मियों, स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने विनोद शर्मा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *