देहरादून के एक बड़े नामी प्राइवेट स्कूल के प्रिंसिपल की शर्मनाक करतूत सामने आई है. उस पर स्कूल के ही एक 15 साल के छात्र के साथ कुकर्म करने का आरोप लगा है. उसने बच्चे को पहले अपने घर में रखा और फिर साथ में अपने बेड पर सुलाया. आधी रात उसने बच्चे के साथ कुछ ऐसा किया जिससे बच्चा सदमे में है. डरा सहमा बच्चा किसी से बात तक नहीं कर रहा. उत्तराखंड पुलिस ने बच्चे के माता-पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी प्रिंसिपल को अरेस्ट कर लिया है.
देहरादून के प्रेम नगर थाने में बच्चे के पिता ने अपनी तहरीर में कहा कि उनका 15 साल का बेटा निजी स्कूल में पढ़ता है. लेकिन वह पिछले कुछ समय से गुमसुम और अकेला रहता था. लंबे समय से बेटे के इस तरह के व्यवहार से परेशान होकर जब उन्होंने उससे इस बारे में पूछा तो पता चला कि कैम्ब्रिज स्कूल के प्रबंधक और प्रिंसिपल ने उसके साथ न सिर्फ अश्लील हरकतें की बल्कि गलत काम भी किया.
पुलिस के मुताबिक, जब बच्चे के साथ उसके माता-पिता प्रिंसिपल से जब मिलने पहुंचे थे तो उसने उनको भरोसे में लेते हुए कहा था कि वे बच्चे को उसके साथ छोड़ सकते हैं. माता-पिता इसके लिए राजी हो गए. 28 जून की रात बच्चा खाना खाने के बाद अपने रूम में सोने के लिए जाने लगा तो प्रिंसिपल ने उसे रोक लिया और अपने साथ सुलाया. उसने रात में बच्चे के साथ कुकर्म किया. जिसके बाद बच्चा काफी डर गया और गुमसुम रहने लगा.
परिजनों की तहरीर के बाद प्रेमनगर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पॉक्सो एक्ट की धारा 5(एफ), 6, 7 और 8 के तहत मुकदमा दर्ज किया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए. जिसके बाद आरोपी प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया गया. इस मामले में पुलिस ने अपनी विस्तृत जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि महिला और बाल अपराधों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज करते हुए स्कूल के प्रबंधक और प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उनको न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.