उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आज हजारों की संख्या में राजभवन ( लोकभवन) का घेराव किया। जिसमें कांग्रेस ने कानून व्यवस्था, महिला अपराध, जंगली जानवरों का आतंक, जमीनी विवाद जैसे मुद्दों को लेकर घेराव किया तो वहीं कांग्रेस ने इस घेराव के जरिए 2027 का बिगुल फूंक दिया है यह कूच 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं आज कांग्रेस काफी उत्साहित और एकजुट नजर आई साथ ही इस बीच कांग्रेस के कार्यकर्ताओं, नेताओं और पुलिस में तीखी नोंकझोंक भी देखने को मिली कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार में जनता त्रस्त है बेरोजगारी, महंगाई, महिला अपराध चरम पर है। वहीं चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि सरकार को भू माफिया, खनन माफिया चलाने का काम कर रहे हैं उन्होंने कहा कि यह कूच भाजपा के ताबूत में आखिरी कील होगा।

वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य एवं प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक प्रीतम सिंह ने आज महिला अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, ध्वस्त कानून व्यवस्था, महंगाई व जंगली जानवरों के हमलों के खिलाफ आयोजित ऐतिहासिक राजभवन घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य एवं प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता जिस उत्साह से हजारों की संख्या में भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों का विरोध करने के लिए देहरादून के परेड ग्राउंड में एकजुट हुए उससे आने वाले समय में पार्टी संगठन को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी तथा हम और अधिक ताकत से भाजपा सरकारों की जन विरोधी नीतियों तथा अलोकतांत्रिक हिटलरशाही का जवाब देने के लिए तत्पर रहेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के कोने-कोने से हजारों की सुख्या में पहुंचकर ऐतिहासिक राजभवन घेराव कर भाजपा की धामी सरकार के ताबूत में अंतिम कील ठोकी है।
गणेश गोदियाल ने राजभवन घेराव कार्यक्रम में प्रदेश के कोने-कोने से हजारों की संख्या में आये कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की जड़ों को हिलाने का काम कर दिया है और आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में निश्चित रूप से इसका लाभ कांग्रेस पार्टी को मिलेगा और जनता भाजपा सरकार की तानाशाही, जनविरोधी नीतियों और कुशासन से निजात पायेगी।