देहरादून, 13 अप्रैल 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 14 अप्रैल 2026 को देहरादून में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सुरक्षा प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग सुविधाएं, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता तथा मंच और दर्शक दीर्घा जैसी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आयोजन में आने वाले लोगों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी इंतजाम निर्धारित समयसीमा के अंदर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
सीएम धामी ने सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर देते हुए विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात को सुचारु रखने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सेवाओं को तत्पर रखने को कहा।
जसवंत ग्राउंड में मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य सुविधाओं की जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां सुनियोजित और व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्वच्छता और सौंदर्यीकरण कार्यों को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा, “यह कार्यक्रम राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर है। इसकी सफलता सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की साझा जिम्मेदारी है।”
निरीक्षण के दौरान गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, आईजी राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी सविन बंसल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।