देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध प्लाटिंग और बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में प्राधिकरण ने देहरादून और ऋषिकेश में दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया और एक बहुमंजिला भवन को सील कर दिया।
एमडीडीए की टीम ने देहरादून के सोनिया विहार, नवादा रोड क्षेत्र में बिना प्राधिकरण से स्वीकृत लेआउट (तलपट) मानचित्र के लगभग चार बीघा भूमि पर की गई अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया।
वहीं ऋषिकेश के नेगी मोहल्ला, गुमानीवाला क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाए जा रहे बहुमंजिला भवन पर भी कार्रवाई करते हुए पूरे भवन को सील कर दिया गया।
प्राधिकरण का कहना है कि शहर में अवैध प्लाटिंग और नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण कार्यों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जहां भी शिकायत प्राप्त होती है या निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, वहां तत्काल कार्रवाई की जाती है।
एमडीडीए ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी भूखंड की खरीद या निर्माण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित स्वीकृतियों की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।