उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को पुरकुल में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की लगभग ₹17.80 करोड़ लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद दीपक पुण्डीर की स्मृति में लगभग ₹3.36 करोड़ की लागत से निर्मित आधुनिक सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को गति देने वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इनमें सालावाला में ₹86 लाख की लागत से सड़क एवं पुस्ता निर्माण, डोभालवाला और विजय कॉलोनी में ₹1.32-₹1.32 करोड़ की लागत से सड़क एवं नाली निर्माण, तथा सालावाला में ₹2.50 करोड़ की लागत से नए सामुदायिक भवन के निर्माण का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार और एमडीडीए जनभावनाओं तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधुनिक और मजबूत बुनियादी ढांचे के निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सैन्य धाम, मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क के उच्चीकरण तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत विभिन्न पेयजल योजनाओं पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है, जिससे प्रदेश के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी सहित एमडीडीए के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।