देहरादून, 24 अगस्त। त्योहारों के सीजन को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने मिलावटखोरी, जमाखोरी और खाद्य पदार्थों की अनियमित बिक्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिलों में प्रशासन और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीमें व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही हैं। जिलाधिकारियों को एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि अभियान की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी मंडलायुक्तों को सौंपी गई है।
खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, सैंपल लिए गए
सोमवार को प्रदेशभर में चलाए गए अभियान के दौरान दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीमों ने खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशालाओं में भेजे। कई जगह एक्सपायरी डेट और खराब खाद्य सामग्री मिलने पर दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए और सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ चीनी की जमाखोरी और घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है।
चमोली में तीन सैंपल, एक्सपायरी सामान मिलने पर नोटिस
चमोली जिले में टीम ने तीन खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे। एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री मिलने पर दो दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए और संबंधित सामग्री नष्ट कराई गई। वहीं, दो कंपनियों की सामग्री की लेबलिंग और पैकेजिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। संबंधित निर्माताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
इन जिलों में भी हुई कार्रवाई
– रुद्रप्रयाग: 12 दुकानों का निरीक्षण कर छह सैंपल लिए गए। छह दुकानों में एक्सपायरी डेट का सामान मिलने पर उसे नष्ट कराया गया।
– अल्मोड़ा: मिठाइयों के दो सैंपल लिए गए।
– बागेश्वर: आठ प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर तीन सैंपल लिए गए।
– पिथौरागढ़: दो सैंपल लिए गए।
– चंपावत: एक अगस्त से अभियान जारी है। अब तक 21 स्थानों का निरीक्षण, 10 सैंपल लैब भेजे गए और सर्वे के लिए तीन सैंपल लिए गए।
– पौड़ी: सोमवार को 10 सैंपल लिए गए, जिनमें छह जांच के लिए लैब भेजे गए। धारा 36 के तहत एक वाद भी स्वीकृत किया गया।
– नैनीताल: 10 दुकानों का निरीक्षण कर छह सैंपल लैब भेजे गए। एक प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की स्थिति खराब मिलने पर नोटिस दिया गया। मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर 10 किलो मिठाई नष्ट कराई गई।
– टिहरी: सात व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर छह सैंपल लिए गए।
– उत्तरकाशी: 15 स्थानों का निरीक्षण कर चार सैंपल लिए गए। बिना लाइसेंस खाद्य सामग्री बेचने के मामले में नोटिस जारी किया गया।
देहरादून में 70 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
देहरादून में भी सोमवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 11 खाद्य नमूने लिए गए और तीन प्रतिष्ठानों को व्यवस्था में सुधार की चेतावनी दी गई।
जिले में एक अगस्त से अब तक 70 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा चुका है। इस दौरान 48 सैंपल जांच के लिए लिए गए, जबकि सर्वे के लिए अलग से 20 सैंपल एकत्र किए गए। 11 दुकानदारों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा एडीएम कोर्ट में चार वाद दर्ज कराए गए हैं।
हरिद्वार में 47 प्रतिष्ठानों की जांच
हरिद्वार जिले में 17 अगस्त से अभियान चल रहा है। अब तक 47 व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 27 सैंपल लिए गए हैं। 10 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि विभिन्न न्यायालयों में चार मामले दर्ज कराए गए हैं।
त्योहारों में मिलावट रोकने पर सरकार का फोकस
त्योहारों के दौरान मिठाई, दूध एवं दुग्ध उत्पादों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट और जमाखोरी की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में राज्य सरकार ने जिलास्तर पर निगरानी और जांच व्यवस्था को सक्रिय किया है। प्रशासन की टीमें खाद्य गुणवत्ता की जांच के साथ-साथ अवैध भंडारण और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर भी नजर रख रही हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शुरू किया गया यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा। जिलाधिकारियों को एक सप्ताह तक अभियान चलाने और मंडलायुक्तों को इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने की जिम्मेदारी दी गई है।