देहरादून। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में रुद्रप्रयाग जिले की उल्लेखनीय सहभागिता के लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया।
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर के विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और विकसित उत्तराखंड को लेकर उनके विचार, सुझाव और सपनों को जाना।
कार्यक्रम के दौरान रुद्रप्रयाग जनपद से निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने जिले की पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए बधाई दी।

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को प्रदेशभर में व्यापक समर्थन मिला है। अभियान के तहत 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और विचार भेजे। रुद्रप्रयाग के विद्यार्थियों ने भी पलायन, रोजगार, शिक्षा और पहाड़ों में विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार साझा किए।
संवाद के दौरान रुद्रप्रयाग की कक्षा 11 की छात्रा सीमा सेमवाल ने पलायन विषय पर अपने विचार मुख्यमंत्री के सामने रखे। वहीं रुद्रप्रयाग की छात्रा अनुष्का ने पलायन रोकने को लेकर सुझाव दिए। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के विचारों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की सोच और सहभागिता ही विकसित उत्तराखंड के निर्माण की महत्वपूर्ण ताकत है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनने का लक्ष्य रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा में लगाकर प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

रुद्रप्रयाग में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए डीएम विशाल मिश्रा का सम्मान जिले में शिक्षा और युवा सहभागिता को बढ़ावा देने के प्रयासों की बड़ी सराहना के तौर पर देखा जा रहा है।